Fire breaks out in Kotwa Bazaar, hotel and salon burnt to ashes
लोकल पब्लिक न्यूज़/पूर्वी चम्पारण।
कोटवा स्थानीय बाजार में फ्लाईओवर ब्रिज के समीप गुरुवार को अचानक आग लगने से एक चाय–नाश्ते का होटल और एक हेयर कटिंग सैलून पूरी तरह जलकर खाक हो गया। इस अगलगी की घटना से कुछ समय के लिए बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आसपास की अन्य दुकानों को बचा लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पोखरा गांव निवासी रंजीत पंडित का चाय-नाश्ते का होटल अचानक आग की चपेट में आ गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और होटल में रखा सूजी, मैदा, चीनी, रिफाइन, बर्तन तथा फर्नीचर सहित अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया।
इसी दौरान बगल में स्थित कोटवा निवासी रामाज्ञा ठाकुर का हेयर कटिंग सैलून भी आग की लपटों में घिर गया। सैलून में रखे क्रीम, ब्रश, हेयर कटिंग मशीन, दाढ़ी बनाने के उपकरण समेत अन्य सामान भी जलकर राख हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने स्थानीय लोगों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि आग बुझाने में थोड़ी भी देर हो जाती तो आसपास की कई अन्य दुकानें भी इसकी चपेट में आ सकती थीं, जिससे बड़ा नुकसान हो सकता था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण गैस सिलेंडर से गैस का रिसाव बताया जा रहा है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
घटना के बाद होटल और सैलून संचालकों ने नुकसान की जानकारी देते हुए प्रखंड सह अंचल कार्यालय को इसकी सूचना देने की बात कही है, ताकि सरकारी स्तर पर सहायता मिल सके।