Administrative strength amid strike: New zonal in-charge takes charge in Kotwa, gets responsibility of three zones.
लोकल पब्लिक न्यूज़/पूर्वी चम्पारण,कोटवा: राज्य में अंचलाधिकारी (सीओ) एवं राजस्व कर्मियों की जारी हड़ताल के कारण आम जनजीवन पर पड़ रहे असर को देखते हुए सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा कदम उठाया है। इसी कड़ी में विंदेश्वर प्रसाद सिंह ने बुधवार को कोटवा अंचल कार्यालय में नए अंचल प्रभारी के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया है।
उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) चिरंजीवी पांडेय से प्रभार लिया। पदभार ग्रहण के साथ ही उन्होंने कार्यों की समीक्षा शुरू कर दी और कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गौरतलब है कि इससे पूर्व विंदेश्वर प्रसाद सिंह तुरकौलिया में राजस्व पदाधिकारी के रूप में कार्यरत थे। सरकार ने वर्तमान परिस्थिति को देखते हुए उन्हें अतिरिक्त जिम्मेदारी देते हुए कोटवा के साथ-साथ तुरकौलिया और पिपराकोठी अंचल का भी प्रभार सौंपा है। वे इन तीनों अंचलों में राजस्व पदाधिकारी के दायित्वों का भी निर्वहन करेंगे।
पदभार संभालने के बाद उन्होंने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता अंचल कार्यालय से जुड़े सभी कार्यों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित करना है। विशेष रूप से छात्रों से जुड़े जाति, आय एवं निवास प्रमाण पत्र समय पर निर्गत किए जाएंगे, ताकि उन्हें परीक्षा, नामांकन या नौकरी के अवसरों में किसी प्रकार की बाधा न आए।
उन्होंने यह भी कहा कि हड़ताल के बावजूद आम लोगों की समस्याओं का समाधान प्रशासन की जिम्मेदारी है और इसमें किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
इस अवसर पर उन्होंने अंचल कर्मियों के साथ बैठक कर कार्य प्रणाली को सुचारु बनाए रखने, लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने तथा जनता के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने का निर्देश दिया।
प्रशासन के इस फैसले से क्षेत्र के लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है, खासकर उन लोगों को जो लंबे समय से अपने जरूरी कागजात और राजस्व संबंधित कार्यों के लिए कार्यालय के चक्कर लगा रहे थे।
