Suspicious death of a youth in Ahiraulia, fear of murder creates sensation in the village.
![]() |
| Suspicious death of a youth in Ahiraulia, fear of murder creates sensation in the village |
कोटवा थाना क्षेत्र के अहिरौलिया पंचायत के वार्ड संख्या-2 स्थित नयका टोला में गुरुवार की रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान नयका टोला निवासी लक्ष्मण प्रसाद कुशवाहा के 20 वर्षीय पुत्र विवेक कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मोतिहारी भेज दिया है।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि विवेक कुमार गुरुवार की शाम अपने एक दोस्त के साथ बाइक से घर से निकला था। कुछ देर बाद ग्रामीणों के माध्यम से परिजनों को उसकी मौत की सूचना मिली। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है तथा पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार बाइक पर मौजूद उसका दोस्त भी गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है, जिसका इलाज चल रहा है। हालांकि घटना स्थल से क्षतिग्रस्त बाइक का अब तक पता नहीं चल सका है, जिससे मामला और भी संदिग्ध माना जा रहा है।
मृतक के परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए दूसरे पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि विवेक के सिर पर गहरी चोट के निशान थे, जबकि पैर में घसीटे जाने जैसे जख्म भी दिखाई दे रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। बाद में स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
