Suspicious death of newly married woman in Rajapur Mathia, police engaged in investigation
![]() |
| Suspicious death of newly married woman in Rajapur Mathia, police engaged in investigation |
लोकल पब्लिक न्यूज़/पूर्वी चम्पारण : कोटवा थाना क्षेत्र के राजापुर मठिया गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना पर पहुंची कोटवा थाना पुलिस ने घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान राजापुर मठिया निवासी आलोक गिरी की 26 वर्षीय पत्नी नीतू कुमारी के रूप में हुई है। नीतू, हरसिद्धि थाना क्षेत्र के भदा गिरी टोला निवासी सुरेंद्र गिरी की पुत्री थीं। उनकी शादी लगभग तीन वर्ष पूर्व आलोक गिरी से हुई थी। दंपति का दो माह का एक पुत्र भी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस कमरे में घटना हुई वहां छत के पंखे से एक दुपट्टा लटका हुआ मिला, जबकि विवाहिता का शव बेड पर रखा था। पुलिस के मौके पर पहुंचने के समय कमरे में बाहर से ताला लगा हुआ था, जिससे घटना को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है और सभी संभावित पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि घटना के बाद मृतका के ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार हैं। फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ-2 जितेश पाण्डेय तथा अंचलाधिकारी (सीओ) मोनिका आनंद भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतका के परिजनों की ओर से अभी तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है।
एफएसएल टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने बताया है कि मामले की हर पहलू से निष्पक्ष जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम और वैज्ञानिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
