Investigation into allegations of assault on an elderly man at Kotwa police station premises complete; police term the allegations baseless
![]() |
| Investigation into allegations of assault on an elderly man at Kotwa police station premises complete; police term the allegations baseless |
- लोकल पब्लिक न्यूज | पूर्वी चम्पारण | कोटवा
- पुलिस जांच में पारिवारिक एवं भूमि विवाद का मामला आया सामने, थाना परिसर में मारपीट की नहीं हुई पुष्टि।
- पूर्वी चम्पारण, कोटवा: थाना परिसर में बुजुर्ग रामाधार सहनी के साथ पुलिस द्वारा मारपीट किए जाने के वायरल वीडियो मामले में पुलिस ने अपनी जांच पूरी कर ली है। सदर-02 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी द्वारा की गई जांच में थाना परिसर में मारपीट किए जाने की पुष्टि नहीं हुई है।
- पुलिस की जांच रिपोर्ट के अनुसार, रामाधार सहनी के कुल छह पुत्र हैं। इनमें से चार पुत्रों को उन्होंने पहले ही अलग कर दिया था। जमीन को लेकर उनके साथ रहने वाले दो पुत्रों और अलग रह रहे चार पुत्रों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है।
- जांच के मुताबिक, 13 नवंबर 2026 को रामाधार सहनी अपने मवेशी के साथ कोटवा थाना पहुंचे थे और अपने चार पुत्रों के खिलाफ मवेशी को पीटने का आरोप लगाते हुए आवेदन दिया था। पुलिस द्वारा जांच किए जाने पर मवेशी के बांस के कोठ में फंसकर गिरने की बात सामने आई।
- वहीं, 15 नवंबर को रामाधार सहनी और उनके अलग रह रहे पुत्रों के बीच गाली-गलौज एवं विवाद होने की सूचना पुलिस को मिली। इस संबंध में उनकी पतोहू अमरावती देवी ने थाना को फोन कर सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस की गश्ती टीम रामाधार सहनी और उनके तीन पुत्रों को थाने लेकर आई।
- पुलिस के अनुसार, छठ पर्व को देखते हुए तथा भविष्य में आपसी विवाद नहीं करने का आश्वासन मिलने के बाद सनहा दर्ज कर सभी को पीआर बॉन्ड पर मुक्त कर दिया गया।
- पुलिस का पक्ष: सदर-02 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी की जांच में थाना परिसर में रामाधार सहनी के साथ मारपीट किए जाने का कोई प्रमाण नहीं मिला। पुलिस ने मामले को मुख्य रूप से पारिवारिक एवं भूमि विवाद से जुड़ा बताया है। जांच रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि अपने चार पुत्रों के विरुद्ध कार्रवाई कराने के उद्देश्य से पुलिस पर दबाव बनाने के लिए मनगढ़ंत आरोप लगाए गए।
- फिलहाल, वायरल वीडियो और बुजुर्ग द्वारा लगाए गए आरोपों को लेकर पुलिस की जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
